43वें स्थापना दिवस पर राज्य में लोकसभा की सभी सीटें जीतने का भाजपा ने किया संकल्प
मुंबई (निर्भय पथिक): ,आगामी वर्ष में होने वाले लोकसभा चुनाव में भाजपा-शिवसेना गठबंधन के साथ सभी 48 सीटों और विधानसभा चुनाव में 200 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प करें । यह अपील भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने गुरुवार 6 अप्रैल को पार्टी स्थापना दिवस पर पार्टी कार्यकर्ताओं से की। भारतीय जनता पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर नरिमन पॉइंट स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम को वे संबोधित कर रहे थे। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व राज्यपाल राम नाईक, विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, उच्च व तकनीकी शिक्षा मंत्री चंद्रकांत पाटिल, राजस्व मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल, श्रम मंत्री सुरेश खाडे, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कर्जतकर, चित्रा वाघ, राज पुरोहित, प्रदेश महासचिव मुरलीधर मोहोल, मुख्य प्रवक्ता केशव उपाध्ये सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे।
उन्होंने कहा कि अत्यंत प्रतिकूल समय में हजारों कार्यकर्ताओं ने जनसंघ और उसके बाद भाजपा की विचारधारा को बढ़ाने की कोशिश की। इन कार्यकर्ताओं द्वारा किये गये त्याग पर ही आज पार्टी खड़ी है। भारतीय जनता पार्टी की स्थापना करते वक्त अटल बिहारी वाजपेयी ने समृद्ध, विकसित, शक्तिशाली भारत का सपना देखा था। अटल जी ने जो सर्वश्रेष्ठ भारत का सपना देखा था, उसे नरेंद्र मोदी ने प्रत्यक्ष रूप से साकार करने की दिशा में कदम उठाये हैं। इसी वजह से भारत विश्व में पांचवें क्रमांक की अर्थव्यवस्था वाला देश बन गया है।
इसके आगे आने वाले समय में राज्य में पार्टी को बढ़ाने के लिए कार्यकर्ताओं को संगठन द्वारा दिए गए विभिन्न कार्यक्रमों पर अमल करते हुए मोदी सरकार और राज्य की शिंदे-फडणवीस सरकार के विकास कार्यों को सर्वसामान्य लोगों तक पहुंचाने का काम करना होगा। 3 करोड़ नये सदस्य बनाने के अभियान को सफल करने और शिवसेना के साथ गठबंधन सहित लोकसभा की सभी 48 सीटें, विधानसभा की 200 से अधिक सीटें जीतने का संकल्प कार्यकर्ताओं को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर करना चाहिए यह अपील भी बावनकुले ने की।
इस अवसर पर बावनकुले के हाथों जनसंघ के समय से काम करने वाले राम नाईक, मुकुंदराव कुलकर्णी, मधू चव्हाण, कांताताई नलावडे, दिलीप गोडांबे, कर्नल चौधरी, कर्नल देशपांडे, अनंत मराठे, शैला पतंगे-सामंत, दिलीप हजारे, भरत कारंडे, श्रीपाद मुसले, बाबा कुलकर्णी सहित कई वरिष्ठ कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया।
इससे पहले श्री बावनकुले के हाथों ध्वजारोहण भी किया गय। पार्टी के आयुष्मान भारत सेल की ओर से आयोजित आयुष्मान भारत कार्ड का वितरण कार्यक्रम की शुरुआत में ही श्री बावनकुले के हाथों किया गया।