बाजार में गिरावट से निवेशकों के 8 लाख करोड़ डूबे
कोरोना और लॉकडाउन के चलते शेयर मार्केट में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही सेंसेक्स 1000 पॉइंट गिर गया। दोपहर तक इंडेक्स 48 हजार के नीचे आ गया। बाजार सुबह ही सेंसेक्स 634.67 अंक नीचे 48,956.65 पर खुला था। दिनभर भारी गिरावट के बाद अंत में इडेक्स 1,707 अंकों की भारी गिरावट के साथ 47,883 पर बंद हुआ है। इससे निवेशकों के 8.4 लाख करोड़ रुपए डूब गए। इससे पहले 29 जनवरी को इंडेक्स 48 हजार के नीचे 46,285 अंकों पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स में शामिल 30 में से 29 शेयरों में गिरावट रही। इंडेक्स में इंडसइंड बैंक का शेयर सबसे ज्यादा 8.6फीसदी नीचे आ गया है। वहीं, डॉ. रेड्डीज का शेयर 4.8फीसदी ऊपर चढ़कर बंद हुआ है। निफ्टी भी 524 अंकों की गिरावट के साथ 14,310 पर बंद हुआ है। कारोबार के दौरान इंडेक्स दिन के सबसे ऊपरी स्तर 14,652 तक भी पहुंचा।
पिछले साल कोरोना की वजह से 23 मार्च से बाजार में गिरावट दिखी थी। तब सेंसेक्स अपने निचले स्तर पर 25,800 पर पहुंच गया था। हालांकि, वहां से यह रिकवर कर इस साल 16 फरवरी में 52,500 के पार पहुंच गया था। लेकिन पिछले दिनों से कोरोना के नए मामलों में रिकॉर्ड बढ़ोतरी से इसमें लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। आज कारोबार के दौरान दिन के सबसे निचले लेवल 47,755 तक भी आया।